प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रेसवार्ता: संविधान अपमान के विरोध में कांग्रेस का कड़ा रुख
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान पर कड़ा विरोध जताया और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा बाबा साहब का अपमान उनकी संविधान विरोधी सोच को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसजन इस अपमान के खिलाफ कड़ा विरोध करेंगे और आम जनता तक भाजपा की इस मानसिकता को उजागर करेंगे।
सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि ‘‘इंडिया गठबंधन’’ ने पहले ही आगाह किया था कि भाजपा संविधान बदलने का इरादा रखती है। उन्होंने संसद में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि बाबा साहब के प्रति भाजपा की नफरत खुलकर सामने आ गई है। उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र और संविधान के अपमान का आरोप लगाया और इसे इतिहास का ‘‘काला अध्याय’’ बताया।
कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि भाजपा की मंशा संविधान को समाप्त करने और बाबा साहब के योगदान को मिटाने की है। उन्होंने लोकसभा और राज्यसभा में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए इसे भाजपा की सोची-समझी साजिश करार दिया।
सांसद राकेश राठौर ने कहा कि कांग्रेस बाबा साहब और संविधान का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने घोषणा की कि कल पूरे प्रदेश में ‘‘बाबा साहब अंबेडकर सम्मान मार्च’’ और गांवों में चौपालें आयोजित कर भाजपा की दलित विरोधी सोच को उजागर किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सी.पी. राय, प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता, और अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के इस घृणित कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरा बताया और प्रधानमंत्री मोदी को भी इस प्रकरण के लिए जिम्मेदार ठहराया।