• Sat. Apr 19th, 2025

Shrey Tv

India`s No.1 News Portal

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस में शोकसभा

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर कांग्रेस में शोकसभा
जिलाध्यक्ष बोले – देश ने खो दिया अपना रत्न

प्रवक्ता अनिल सिंह बोले – “भारतीय राजनीति के आदर्श पुरुष थे डॉ. मनमोहन सिंह”

अमेठी,
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के 92 वर्ष की आयु में दिल्ली स्थित एम्स में निधन के उपरांत कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय गौरीगंज में शनिवार को एक शोकसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने की।

शोकसभा में कांग्रेस नेताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर कांग्रेस का ध्वज झुकाकर उन्हें सम्मानित किया गया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह जी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। उनकी बेदाग छवि, गहन ज्ञान और विनम्रता के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। उनका निधन देश और कांग्रेस दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है।”

कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह भारतीय राजनीति के एक ऐसे आदर्श पुरुष थे, जिनका जीवन सादगी, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रतीक है। उन्होंने अपनी विद्वता और दूरदर्शी नीतियों से भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान दिलाई। उनके योगदानों को याद करते हुए कांग्रेस पार्टी उनके दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका जाना केवल कांग्रेस ही नहीं, पूरे देश के लिए बड़ी क्षति है।”

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राज करन ने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह ने साधारण पृष्ठभूमि से उठकर अपनी विद्वता और सेवा भावना से देश का नेतृत्व किया। उन्होंने न केवल भारत के आर्थिक सुधार में महत्वपूर्ण योगदान दिया बल्कि अपनी राजनीति से लाखों लोगों को प्रेरित किया।”

कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह ने यह भी बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान में आगामी 7 दिनों तक कांग्रेस के सभी आधिकारिक और आंदोलनात्मक कार्यक्रम स्थगित रहेंगे। पार्टी के समस्त कार्यक्रम 3 जनवरी 2025 से पुनः प्रारंभ होंगे।

इस शोकसभा में शत्रुघ्न सिंह, रजवाड़ी पासी, रमाकांती, सुनील सिंह, अकमल, सर्वेश सिंह, राजू ओझा, शुभम सिंह, अशोक शुक्ला, दीपक आर्या, अवनीश मिश्र, संजय यादव, प्रशांत दुबे, सौरभ सिंह, सुमित तिवारी (NSUI), विकास, मो. ताहिर, आशीष यादव, अजीत यादव, हनुमंत विश्वकर्मा, कपिल पाण्डेय सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

शोकसभा में डॉ. मनमोहन सिंह के योगदानों को याद करते हुए उन्हें कांग्रेस पार्टी और देश की महान धरोहर के रूप में श्रद्धांजलि दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK No thanks